रामगढ़ में भी रीट परीक्षा के दिन बाजार बंद रहेगा



(विजय शर्मा, मो 9461140380)

रामगढ़ शेखावाटी, 24 सितम्बर। रविवार 26 सितम्बर को रीट परीक्षा के दौरान पूरा बाजार बंद रहेगा लेकिन परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहेगी। यह निर्णय व्यपार मंडल के संयोजक शिवप्रसाद सोनी के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी कार्यालय में कस्बे के व्यापारियों की प्रशासन के साथ हुई बैठक में लिया गया। प्रशासन की ओर से उपखंड अधिकारी सुप्रिया कालेर, तहसीलदार ओमप्रकाश वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चौहला, थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा उपस्थित थे। व्यापारियों ने स्वेच्छा से परीक्षा के दौरान भीड़ रोकने व प्रशासन द्वारा व्यवस्था के सहयोग के उद्देश्य से यह निर्णय लिया। निर्णय के अनुसार मेडिकल स्टोर, फल-सब्जी, चाय-पानी, मिठाई, स्टेशनरी व ईमित्र की दुकाने ही खुली रहेगी। व्यापारियों ने प्रशासन को यह भी भरोसा दिलाया कि यह भी सुनिश्चित किया जायेगा कि कोई भी दुकानदार किसी भी वस्तु या कार्य निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं वसूलेगा। थानाधिकारी ने बताया कि परीक्षार्थियों को लाने वाली सभी बसें व छोटे वाहन गौशाला के पास ही रोके जायेंगे। शिवप्रसाद सोनी ने परीक्षार्थियों व साथ आने वालों के ठहरने, भोजन, चाय-नाश्ते व परीक्षा केंद्र तक छोडऩे के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बाबूलाल चौहान, प्रमोद लूंडिया, विजय कुमार शर्मा, दीपक बागला, पवन दाधीच, मनोज मोदी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि कस्बे में रीट परीक्षा के लिए राजकीय रूईया महाविद्यालय, जी.डी. रूईया राउमावि, स्वामी केशवानंद विद्यापीठ उमावि सहित राउमावि खोटिया में परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं।