फतेहपुर में पॉजीटिव के संपर्क में आने से उसकी मां और छोटा भाई हुए कोरोना संक्रमित

 पूर्व संक्रमित 1 व्यक्ति हुआ स्वस्थ, एक्टिव केस 5

सीकर, 18 सितम्बर। जिले के फतेहपुर ब्लॉक में मणिपुर से आये पॉजीटिव युवक के संपर्क में आने से एक महिला और 1 युवक और कोरोना संक्रमित पाए गए है। दोनों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 5 है। जिला प्रशासन व चिकित्सा विभाग संभावित तीसरी लहर की रोकथाम में जुटा हुआ है। 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने बताया कि जिले में 1 मार्च से लेकर अब तक 1 लाख 68 हजार 349 सैम्पल लिए गए। इनमें से 21 हजार 533 कोरोना संक्रमित रोगी आए हैं। 1 लाख 46 हजार 242 सैम्पल की रिपोर्ट नगेटिव आई है। पूर्व संक्रमित 1 व्यक्ति स्वस्थ हो गया है। एक्टिव केस 5 हैं। फतेहपुर कस्बे के वार्ड 42 में मणिपुर से आया युवक 15 सितम्बर को कोरोना पॉजिटिव आया था। शनिवार को उसकी 55 वर्षीय माँ और  30 वर्षीय उसके छोटे भाई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इनसे पहले क्लोज कांटेक्ट में आने से उसका बड़ा 35 वर्षीय भाई 16 सितम्बर को पॉजिटिव आया था। ये सभी होम आइसोलेशन में है।

विभाग की ओर से गत वर्ष से लेकर अब तक 3 लाख 25 हजार 276 सैम्पलों की जांच की गई है। इनमें से 30 हजार 994 पॉजीटिव पाए गए है। वहीं 30 हजार 6534 स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को जिले में 658 सैम्पल लिए गए। पेंडिंग 574 सैम्पल है।