अहिंसा दिवस के साथ अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का समापन, ढ़ांचोलिया एकेडेमी में हुआ अहिंसा दिवस का आयोजन


रामगढ़ शेखावाटी, 2 अक्टूबर। अणुव्रत विश्वभारती सोसाइटी राजसमंद एवं स्वर्गीय सेठ चंदनमल रायजादा परिवार द्वारा संचालित अहिंसा प्रशिक्षण केंद्र फतेहपुर के तत्वाधान में आयोजित अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का समापन शनिवार को कस्बे के विश्वनाथ एस. ढ़ांचोलिया एकेडेमी माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अहिंसा दिवस के साथ हुआ। विद्यालय के संचालक मंडल के ओमप्रकाश ढ़ांचोलिया के सानिध्य में विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चौहला थे जबकि अध्यक्षता रामगढ़ व्यापार मंडल के संयोजक शिवप्रसाद सोनी ने की। इनके अलावा नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय कुमार शर्मा मुख्य वक्ता थे। नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राधाकृष्ण शास्त्री विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती जयंती शर्मा स्वागताध्यक्ष थी। कार्यक्रम का शुभारम्भ शांति के प्रतीक ग्लोब पर माल्यार्पण कर अशांत विश्व में शांति की कामना के साथ किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम के संयोजक एवं आचार्य महाप्रज्ञ अहिंसा प्रशिक्षण पुरस्कार प्राप्त सतीश शांडिल्य ने अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह एवं अहिंसा दिवस पर छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों का तिलकार्चन कर स्वागत किया गया। मुख्य वक्ता विजय शर्मा ने अहिंसा परमो धर्म: के द्वारा अहिंसा के बारे में विस्तार से बताया तथा विद्यार्थी जीवन में अनुशासन एवं नशामुक्ति के बारे उपस्थित छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व का कल्याण एटम बम से नहीं अणुव्रत से ही सम्भव है। मुख्य अतिथि एडवोकेट दूदाराम चौहला ने अपने काव्यमय उद्बोधन में छात्र-छात्राओं को प्राचीन काल से आजादी की लड़ाई व वर्तमान दौर तक अहिंसा के महत्व को समझाया। कार्यक्रम अध्यक्ष शिवप्रसाद सोनी ने अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजन की आवश्यकता जताई। श्रीमती जयंती शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार जताया। अल्पाहार एवं कार्यक्रम अध्यक्ष की ओर से विद्यार्थियों को मिठाई वितरण के साथ ही कार्यक्रम का समापन हुआ।
विद्यार्थियों को कक्षा क्रमोन्नति प्रमाणपत्र वितरित किए
कार्यक्रम में आये अतिथियों ने विद्यालय के कक्षा आठवीं के क्रमोन्नत विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर बधाई देते हुए आ्गामी कक्षा में लगन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आशीर्वाद प्रदान किया।
![]() |
| वीडियो देखने के लिए क्लिक करें |

