रामगढ़ शेखावाटी: रामगढ़ नागरिक परिषद की ओर से आयोजित स्व. श्री बासुदेव ढ़ण्ड स्मृति राजस्थानी सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान करते अतिथि 

राजस्थानी लोकगीत प्रतियोगिता में बाल मंदिर स्कूल के छात्रों ने बाजी मारी

रामगढ़ शेखावाटी, 8 दिसम्बर। रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा ढ़ण्ड परिवार के सौजन्य से प्रतिवर्ष की भांति आयोजित स्व. श्री बासुदेव ढ़ण्ड स्मृति राजस्थानी सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय आर.एन. रूईया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में समारोह पूर्वक किया गया जिसकी अध्यक्षता परिषद के स्थानीय अध्यक्ष भामाशाह राधेश्याम ढ़ण्ड ने की जबकि महनसर के वापी प्रवासी समाजसेवी बुद्धिप्रकाश दायमा मुख्य अतिथि थे। इनके अलावा रामगढ़ के सोलापुर प्रवासी समाजसेवी पवन कुमार जोशी, रामगढ़ के पूना प्रवासी सुरेश कुमार ढ़ण्ड विशिष्ट अतिथ थे। इनके अलावा सुशील कुमार ढ़ण्ड, रौनक दायमा, सुरेश पुरोहित किशोरी लाल पंचलांगिया, सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारी रेखाराम खीचड़, मदन लाल जैन व नरेंद्र सिंह भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रतियोगिता नौ विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लेकर एक से बढक़र एक राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। निर्णायक शिक्षाविद् श्रीमती जयंती शर्मा, पद्मा शर्मा व योगाचार्य शंकर लाल कटारिया द्वारा दिये गये निर्णय के अनुसार बाल मंदिर उच्च माध्यमिक (अंग्रेजी माध्यम) की टीम ने ‘मोरिया आच्छो बोल्यो रै ढ़लती रात नै’ गीत पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन्हें ट्रॉफी व नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। दूसरे स्थान पर मेजमान विद्यालय सेठ आर.एन. रूईया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय ने अपने गीत ‘उतारो आरती’ की प्रस्तुति से रही तथा तीसरे स्थान पर बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय (हिंदी माध्यम की टीम रही) जिसने ‘म्हारो हेलो सुणो जी रामा पीर’ गीत प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिये गये व भाग लेने वाली टीमों को सांत्वना ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों को विशिष्ट अतिथि पवन कुमार जोशी द्वारा क्रमाश: 2100, 1100 व 500 रूपये का नगद पुरस्कार पृथक से दिया गया। मारवाड़ी में ही अपने प्रभावशाली उद्बोधन में मुख्य अतिथि बी.के.दायमा ने छात्राओं को राजस्थानी संस्कृति को बढ़ावा देने व मारवाड़ी भाषा को बोलने में प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रतियोगिता का संचालन विजय शर्मा ने व समारोह का संचालन राधाकृष्ण शास्त्री ने किया। कार्यक्रम में परिषद के स्थानीय मंत्री बनवारी लाल शर्मा, दीपक चोटिया, रोशन सूंडा, पवन नौवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।