दो दिवसीय एथलेटिकस प्रतियोगिता का समापन
दो दिवसीय एथलेटिकस प्रतियोगिता का समापन
विजेताओ को पुरस्कार वितरित किये गये
पहली बार बालिकाओं के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित
रामगढ़ शेखावाटी, 18 फरवरी। रामगढ़ नागरिक परिषद (कलकत्ता) की ओर से आयोजित दो दिवसीय स्व. श्री जयदेव जालान स्मृति एथलेटिकस प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया। इससे पूर्व 14 वर्ष आयुवर्ग सब जूनियर वर्ग तथा 17 वर्ष आयुवर्ग जूनियर वर्ग की शेष बची प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष पहली बार छात्राओं के लिए भी दोनों ही आयु वर्गों में 100 मीटर व 200 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया जिससे कस्बे के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं में अपार खुशी की लहर देखी गई। आज दोनों ही वर्गों के लिए 400 मीटर दौड़, ऊंची कूद व रिले दौड़ की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन संयोजक प्रभुदयाल भामू की देखरेख में निर्णायक सुरेश सैनी व प्रमोद सैनी द्वारा किया गया जिसमें क्रीड़ा एक्सपर्ट व पार्षद असगर सौलंकी का भी सहयोग रहा। प्रथम दिन गुरुवार को 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लम्बी कूद, गोला फैंक, तस्तरी फैंक का आयोजन किया गया था। दोनों दिनों की प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयुवर्ग में बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय ने बाजी मारकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। इस आयु वर्ग में स्वामी केशवानंद विद्यापीठ उमावि के अरमान को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। इसी प्रकार 17 वर्ष आयुवर्ग में शेखावाटी शिक्षण संस्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने बाजी मार कर ट्रॉफी जीती। इस आयुवर्ग में इसी विद्यालय के सुनील कस्वा को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रमाकांत पुजारी ने की जबकि देवीदत्त ऊंटवालिया मुख्य अतिथि थे। इनके अतिरिक्त नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्टीय अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, हिम्मत सिंह छाजेड़, बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कल्पना गौड़, मदन जैन, रमेश जोशी विशिष्ट अतिथि थे। परिषद के मंत्री बनवारी लाल शर्मा, चंदनमल वैद्य सहित परिषद के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समारोह में अतिथियों, निर्णायकों व संयोजक को शॉल ओढ़ाकर कर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि विजय शर्मा ने अपने उद्बोधन में परिषद की विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए एथलेटिक्स प्रतियोगिता के प्रायोजक कोलकाता प्रवासी मदनलाल जालान, ओमप्रकाश जालान परिवार का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राधाकृष्ण शास्त्री ने परिषद के आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर अनेक विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।