रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा महात्मा कालूराम समाज सेवा सम्मान समारोह आज
रामगढ़ शेखावाटी, 25 सितंबर। रामगढ़ नागरिक परिषद कोलकाता द्वारा महात्मा कालूराम समाज सेवा सम्मान समारोह 25 सितंबर को शाम 4:30 बजे स्थानीय कीर्तनिया भवन में आयोजित किया जाएगा जिसमें कस्बे के जाने-माने समाजसेवी शतायु वैद्य श्री श्याम सुंदर शर्मा को सम्मानित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वैद्य शर्मा ने एक शिक्षक और आयुर्वेद चिकित्सक के रूप में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी है तथा करीबन तीन दशक तक समाज सेवा के कार्य में जुटे रहे। समारोह की अध्यक्षता परिषद के स्थानीय अध्यक्ष भामाशाह राधेश्याम ढंड करेंगे जबकि मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जौहरी होंगे। इनके अलावा चूरू के वरिष्ठ शिक्षाविद् बाबूलाल शर्मा, विधि कॉलेज चूरू के प्राचार्य श्रवण कुमार सैनी, किशोर न्याय बोर्ड चूरू के सदस्य वरिष्ठ एडवोकेट रामेश्वर लाल प्रजापति एवं चूरू के जाने-माने समाजसेवी एवं व्यवसायी अशोक जांगिड़ विशिष्ट अतिथि होंगे। रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्ति को प्रतिवर्ष महात्मा कालूराम समाज सेवा सम्मान प्रदान किया जाता है।