रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा- होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश अरोड़ा व उनके सुपुत्र डॉक्टर सचिन अरोड़ा सहित अन्य प्रतिभाओं का सम्मान किया
रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा
होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश अरोड़ा व उनके सुपुत्र डॉक्टर सचिन अरोड़ा सहित अन्य प्रतिभाओं का सम्मान किया

रामगढ़ शेखावाटी, 9 अक्टूबर। रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा परिषद के सचिव प्रदीप खेतान व उनके परिवार के सौजन्य से इसी वर्ष प्रारम्भ किए गए स्वर्गीय सेठ काशी प्रसाद जगदीश प्रसाद खेतान प्रतिभा सम्मान समारोह का शानदार आयोजन किया गया। परिषद के स्थानीय अध्यक्ष भामाशाह राधेश्याम ढ़ण्ड की अध्यक्षता नगरपालिकाध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चौहला के सानिध्य में स्थानीय कीर्तनीय भवन में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में शेखावाटी क्षेत्र के जाने-माने होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश अरोड़ा एवं उनके सुपुत्र आगरा के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत युवा गैस्ट्रो सर्जन विशेषज्ञ डॉ. सचिन अरोड़ा व कस्बे में शैक्षणिक क्षेत्र में विशेष योग्यता हासिल करने वाली छात्रा कुमारी टीशा शर्मा एवं छात्र विजय शर्मा को भी सम्मानित किया गया। समारोह में फतेहपुर के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी दलीप सिंह मुख्य अतिथि थे। इनके अतिरिक्त रामगढ़ के मूल निवासी तथा लक्ष्मणगढ़ के मुंदड़ा नर्सिंग होम के संचालक वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मुंदड़ा, रामगढ़ के ही मूल निवासी तथा हरियाणा राज्य सरकार में चिकित्सा विभाग में कार्यरत युवा चिकित्सक डॉ. दीपक सैनी, वरिष्ठ व्यवसायी व सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद लूंडिया, दिल्ली प्रवासी श्री कृष्ण गौशाला के ट्रस्टी एवं परिषद के संरक्षक सदस्य विष्णु गोयनका एवं जयपुर प्रवासी श्रीकांत सिंघानिया विशिष्ट अतिथि थे। मंगलाचरण के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में परिषद के मंत्री बनवारी लाल शर्मा एवं कार्यक्रम के सह संयोजक सुरेश कुमार शर्मा सहित परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित नागरिकों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ पत्रकार एवं नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में सभी अतिथियों का विस्तृत परिचय दिया एवं सम्मानित होने वाले डॉ. राजेश अरोड़ा एवं उनके सुपुत्र डॉ. सचिन अरोड़ा के जीवन, उनकी उपलब्धियों, समाज सेवा के लिए किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया की रामगढ़ में पले एवं अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामगढ़ में ही पूर्ण करने वाले 35 वर्षीय युवा डॉक्टर सचिन ने आगरा में एसिड पीकर मौत की कगार पर खड़े एक युवक की आहार नाल का जटिलतम ऑपरेशन करके मरीज की जान बचाकर पूरे भारत में रिकॉर्ड स्थापित किया है। शिक्षा एवं मेडिकल शिक्षा के दौरान भी उन्होंने विशेष उपलब्धियां हासिल की है। इसी प्रकार उनके पिता डॉ. श्री राजेश अरोड़ा भी करीबन 3 दशक से भी अधिक समय से रामगढ़ व फतेहपुर में रूग्ण मानवता की होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के द्वारा सेवा कर रहे हैं। मुख्य वक्ता शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान 2020-21 की सीनियर सेकेंडरी वाणिज्य परीक्षा में 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली टीशा शर्मा एवं सीनियर सेकेंडरी विज्ञान में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विजय शर्मा के बारे में भी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि ये दोनों ही विद्यार्थी उस समय बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी थे।
बाद में सभी उपस्थित जनों ने डॉ. राजेश अरोड़ा व उनके सुपुत्र डॉ. सचिन अरोड़ा का माल्यार्पण किया। परिषद के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने शॉल ओढ़ाकर व अभिनंदन पत्र भेंट कर उनका सम्मान किया। इससे पूर्व राधा कृष्ण शास्त्री ने अभिनंदन पत्रों का वाचन किया। दोनों विद्यार्थियों को भी अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं आभार पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। समारोह को नगर पालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदा राम चौहला, बीसीएमओ डॉ. दलीप सिंह, डॉ. प्रकाश मूंदड़ा आदि ने भी संबोधित किया। समारोह अध्यक्ष राधेश्याम ढ़ण्ड ने रामगढ़ शेखावाटी को प्रतिभाओं का भंडार बताते हुए परिषद की गतिविधियों पर प्रकाश डाला तथा भविष्य में विद्यार्थियों से संबंधित और अधिक गतिविधियां प्रारम्भ करने का भी आश्वासन दिया। सभी वक्ताओं ने रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता द्वारा रामगढ़ में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतिभाओं के सम्मान के लिए कलकत्ता कार्यकारिणी एवं स्थानीय कार्यकारिणी की प्रशंसा की। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी रेखा राम खीचड़, दीपक चोटिया, चंदनमल स्वामी, मनोज जोहरी, संजय आचार्य, मनोज शर्मा, पार्षद प्रशांत जोशी, नरेश ढ़ण्ड, नंदकिशोर मिश्रा, विप्र फाउंडेशन के शहर अध्यक्ष राकेश (घुवाला बंटी), संजीव नाथोलिया, मनोज गंगावत, विनोद सैनी सहित कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक एवं अरोड़ा परिवार के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राधा कृष्ण शास्त्री ने किया। डॉ. अरोड़ा परिवार के घनिष्ट विशिष्ट अतिथि जयपुर प्रवासी श्रीकरंत सिंघानिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया तथा समारोह आयोजन समिति के सदस्यों का दुपट्टा ओढ़ाकर आभार जताया।

