फाइनेंस कर्मचारी से मोबाइल और रुपए लूटे:बाइक पर आए 3 बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर की लूट
सीकर के सदर थाना इलाके में एक फाइनेंस कर्मचारी के साथ लूट का मामला सामने आया है। दो बाइकों पर आए 3 बदमाशों ने पहले तो फाइनेंस कर्मचारी की आंखों में मिर्ची डाली। इसके बाद रुपए और मोबाइल लूट लिया। फिलहाल सदर थाना पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
महेंद्र कुमार ने सीकर के सदर थाने में रिपोर्ट देकर बताया है कि वह सीकर में एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है पूर्णविराम जिसका फील्ड कलेक्शन का काम है। ऐसे में वह रोज अलग-अलग जगह जाकर कलेक्शन करता है। 14 दिसंबर को उसका कलेक्शन सेवद और उसके आसपास के गांव की तरफ था। ऐसे में वह कलेक्शन लेकर एक गांव से दूसरे गांव की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान सुंडा की ढाणी से आगे की तरफ जाने वाले एक कच्चे रास्ते पर पीछे से दो बाइक पर सवार होकर 3 लड़के आए। जिन्होंने महेंद्र के नजदीक आते ही उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी। और उसके जेब में रखा मोबाइल और कलेक्शन के 19 हजार रुपए लूट लिए। जब महेंद्र जोर से चिल्लाया तो पास के खेतों में काम कर रहे लोग वहां आए। लेकिन तब तक तीनों युवक वहां से भाग चुके थे। फिलहाल सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।