अस्पताल में लपका गिरोह सक्रिय:मरीज को लैब ले जाने के लिए दो भिड़े, मेडिकल स्टोर संचालकों ने शांत कराया मामला
नीमकाथाना जिला कपिल अस्पताल में लपका गिरोह सक्रिय है। जो अस्पताल में आने वाले मरीजों को अपने जाल में फंसाता है और कमीशन वाली मेडिकल स्टोर और लैब तक ले जाकर दवा दिलवाते और जांच करवाते हैं।
दो लपकों के बीच झगड़ा
इसी बीच सोनोग्राफी की पर्ची पकड़ने को लेकर अस्पताल के सामने दो लपकों के बीच झगड़ा हो गया। लपके अस्पताल से मरीज को सोनोग्राफी करवाने निजी लैब पर ले जा रहे थे। इसी दौरान दोनों में झगड़ा और मारपीट हो गई। मेडिकल स्टोर संचालकों और लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। गौरतलब है कि पिछले दिनों शहर पुलिस थाना सीआई के हाथ से भी लपकों ने जांच और दवा दिलाने के लिए पर्ची खींच ली थी। जिसके बाद पुलिस ने एक महिला समेत चार लपकों को गिरफ्तार किया था। लपकों के दखल से अस्पताल में आने वाले मरीज भी खासे परेशान हैं।
हर दिन 300 सोनोग्राफी
लपके गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी और खून की जांच करवाने के लिए भी कमीशन वाली निजी लैब पर ले जाते हैं। हर दिन लपके निजी लैब पर 300 से अधिक सोनोग्राफी करवाते हैं। इस मामले में जिला कपिल अस्पताल पीएमओ डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि लपकों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र भेज रहे हैं। लपकों को रोकने के लिए योजना बना रहे हैं। लपकों और कमीशनबाजी करने वाले के खिलाफ पुलिस में कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल में बढ़ रहा है लपकों का जाल
राजकीय जिला कपिल अस्पताल में लपकों का जाल तेजी से बढ़ रहा है। दवा दुकानों पर कमीशन के आधार पर लपकों को नियुक्त करते हैं। अस्पताल से मरीज को दवा व जांच के बहाने मेडिकल स्टोर व लैब तक लाने वाले लपकों को कमीशन बिल के आधार पर तय होता है।