चूरू- जहर पीने वाले बुजुर्ग की 5वें दिन मौत:भतीजी को नहीं खोजने से था आहत, कलेक्ट्रेट पर शव रखकर प्रदर्शन

 

जिले के रतननगर थाना इलाके के गांव हुणतपुरा से 17 साल की नाबालिग लड़की के किडनैप के करीब 48 दिन बाद भी पुलिस की ओर से बरामद नहीं करने पर आहत हुए नाबालिग के ताऊ सुरजाराम (54) ने 17 दिसंबर को खेत में एल्ड्रिन (जहरिला पदार्थ) पी लिया था, जिसकी गुरुवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई। इसके बाद आक्रोषित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शव को कलेक्ट्रेट के बाहर रखकर धरना-प्रदर्शन किया।

भाजपा उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह कलेक्ट्रेट के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, भाजपा पदाधिकारियों और ग्रामीणों की ओर से धरना दिया गया। धरने पर बैठे विधानसभा उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि जिले में यह पहला मौका है, जब एक नाबालिग के किडनैप के बाद उसकी बरामदगी के लिए पुलिस से गुहार लगाते रहे और दुखी होकर नाबालिग का ताऊ यह कहता है अगर मेरी भतीजी नहीं मिली तो वह जहर पी लेगा। इसके जवाब में जांच अधिकारी यह कहता है कि कल पीते आज जहर पी लो, जिस पर वह आहत होकर जहर पीता है। जीवन और मौत की लड़ाई के बीच पांच दिन बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस प्रशासन को बार-बार चेताने के बाद भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। राठौड़ ने कहा कि रतननगर सीआई को हाईवे पर खड़े होकर चौथवसूली करना अच्छा लगता है। अगर वह इसमें जांच करने की कोशिश करते तो आज यह दिन नहीं होता। आज बेमियादी पड़ाव के लिए हम शव के साथ यहां बैठे है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी पुलिसकर्मी को निलंबित नहीं करते, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं देते, दोषी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार नहीं होने तक प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा। इससे पहले डीफ्रिज में रखे शव को राजेन्द्र राठौड़, पूर्व प्रधान हरलाल सहारण, प्रधान दीपचंद राहड़, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. वासुदेव चावला, रतननगर पालिकाध्यक्ष निकीता गुर्जर, बसंत शर्मा, दीनदयाल सैनी, सुरेश सारस्वत, जंगशेर खान सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी व ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि दी। वहीं, दो मिनट का मौन रखा गया।

भारी संख्या में तैनात किया जाप्ता
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में आए ग्रामीणों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। कलेक्ट्रेट के सामने भी बड़ी संख्या में पुलिस और आरएसी के जवान तैनात किए गए। वहीं, एएसपी राजेन्द्र कुमार मीणा, डीएसपी ओमप्रकाश गोदारा, डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क, सदर सीआई सुभाष कुमार, महिला थाना सीआई सुखराम चोटिया, रतनगढ़ सीआई सुभाष बिजारणिया सहित भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।

शर्म करो-शर्म करो के लगाए नारे
जिला कलेक्ट्रेट के सामने जब पिकअप से शव को उठाकर धरना स्थल पर लाया गया तो उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा शर्म करो-शर्म करो चूरू एसपी शर्म करो के नारे लगाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राठौड़ ने चूरू एसपी मुर्दाबाद के भी नारे लगाए।