गर्ल्स कॉलेज खोला-व्यवस्था भूले:6 माह से खाली है प्रिंसिपल का पद, नया फर्नीचर भी नहीं खरीदा



फतेहपुर:कांग्रेस सरकार ने उपखंड मुख्यालय पर बालिका कॉलेज खोलकर श्रेय लूट लिया। लेकिन सुविधाओं व स्टाफ के प्रति ध्यान नहीं दिया। विधायक हाकम अली भी बार-बार कॉलेज को अपने बड़े कार्यों में गिनाते हैं लेकिन सुविधाओं के विस्तार को लेकर वे भी गंभीर नहीं दिख रहे। हालात यह है कि यहां हर सात दिन में प्राचार्य बदले जा रहे हैं। नतीजा छात्राओं के लिए बैठने से लेकर अन्य तमाम असुविधाएं कॉलेज में नहीं हैं।

प्रतिनियुक्ति पर भी लंबे समय तक टिकने वाले प्राचार्य को नहीं लगाया जा रहा है। ऐसे में छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही हैं। साथ ही स्कॉलरशिप सहित अन्य कार्य भी अटके पड़े हैं। कन्या महाविद्यालय में कार्यालय, भूगोल प्रयोगशाला व गर्ल्स कॉमन रूम आदि के लिए कमरे तो हैं पर वहां सुविधाएं विकसित नहीं हैं यहां तक कि उनकी साफ-सफाई भी नहीं हुई है। कमरों में धूल भरी हैं। इधर, सीकर एसके कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य ने पुराना फर्नीचर भेज कर खानापूर्ति पूरी कर दी। इसमें डैमेज टेबल व स्टूल हैं। जिसपर छात्राएं पढ़ने के लिए मजबूर हैं। कन्या महाविद्यालय में सरकार ने जुलाई में फर्नीचर के लिए 2 लाख का बजट पास किया था लेकिन अभी तक फर्नीचर की खरीद नहीं हुई। फर्नीचर के लिए बजट होने के बाद भी फर्नीचर खरीद के लिए अभी तक टेंडर जारी नहीं किए गए। इससे छात्राओं को परेशानी हो रही है।

160 छात्राओं पर एक भी शिक्षक स्थाई नहीं

राजकीय कन्या महाविद्यालय में 160 छात्राओं के होने के बाद भी एक भी स्थाई लेक्चरर नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी लेक्चरर शिक्षा संबल योजना में लगे हैं। विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप सहित अन्य कार्यों को करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कमरे हैं पर सुविधाएं नहीं

छात्राओं के लिए कॉमन रूम, कार्यालय व भूगोल प्रयोगशाला आदि के लिए कमरे बने हैं लेकिन उसमें सुविधाएं विकसित नहीं की गई हैं यहां तक कि इन कमरों में कचरा पड़ा है। सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं।

सरकार किसी स्थाई स्टाफ को लगाए तो फर्नीचर की खरीदारी करने सहित अन्य सुविधाएं विकसित हो सकती हैं। वर्तमान में नियम के तहत 6 दिन के लिए प्राचार्य को लगाया जा रहा है। स्थाई नियुक्ति नहीं होने तक व्यवस्था इसी तरह संपादित की जाएगी।
नीलम भार्गव, प्रभारी (प्राचार्य एसके गर्ल्स कॉलेज सीकर)

काॅलेज के सुचारू संचालन के लिए प्रभारी से बात करते हुए व्यवस्था सुधारने के लिए कहूंगा। छात्राओं की पढ़ाई बाधित नहीं हो इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से मिलकर जल्द ही स्थाई प्राचार्य को लगाने का प्रयास करेंगे। कॉलेज के लिए नया फर्नीचर भी जल्दी खरीदवाया जाएगा ताकि छात्राओं की परेशानी दूर हो।
हाकम अली खान, विधायक, फतेहपुर