झुंझुनूं- फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर डाला खौलता गर्म तेल:बकाया किश्त लेने गए थे कर्मचारी, मारपीट कर 2 लाख रुपए छीने


झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर चूणा चौक में लोन की बकाया किश्त लेने गए फाइनेंस कंपनी के 2 कर्मचारियों पर कड़ाही में खौलता गर्म तेल फेंक दिया। गर्म तेल गिरने से झुलसे एक कर्मचारी को बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके शरीर पर फफोले हो गए हैं।

एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि कि बिजनोई का बास निवासी कुलदीप कुमार पुत्र सुरेश कुमार नाई ने रिपोर्ट दी कि वह बजाज फाइनेंस में काम करता है। वह अपने साथी नवीन के साथ वार्ड नंबर 44, खेतानों का मोहल्ला में रहने वाले सुरेंद्र स्वामी पुत्र रामप्रताप स्वामी से लोन की किश्त लेने के लिए गया। आरोपी ने ही उनको किश्त लेने के लिए चूणा चौक बुलाया था। जब वह दोनों वहां पहुंचे तो पास की एक दुकान पर समोसे बनाए जा रहे थे।

पीड़ित ने बताया कि जब उसने सुरेंद्र से किश्त के रुपए मांगे तो उसने दुकान की भट्टी से कड़ाही उठाकर खौलता गर्म तेल उन पर डाल दिया। इसके बाद 10-15 लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और 2 लाख रुपए छीन लिए गए।

एएसआई ने बताया कि गर्म तेल गिरने से फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी नवीन झुलस गया। जिसको बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सुरेंद्र स्वामी के खिलाफ जान से मारने की कोशिश करने और मारपीट कर रुपए छीनने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।