पीथीसर गांव में किराने की आड़ पर बेच रहे शराब:ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर की कार्रवाई की मांग


चूरू के रतननगर थाना इलाके के पीथीसर गांव में परचून की दुकानों पर खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। अवैध शराब बेचने के विरोध में पीथीसर के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और एसपी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अवैध शराब बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीथीसर गांव के देवकरण ने बताया कि शराब ठेकेदार को ग्राम पंचायत जसरासर में आबकारी विभाग की ओर से शराब बिक्री का लाइसेंस जारी किया गया है, लेकिन ठेकेदार पीथीसर गांव में अवैध रूप से परचून की दुकानों में शराब बेचने का काम दुकानदारों से करवाता है। इन दुकानों के पास मुख्य बस स्टैंड, मंदिर, पटवार भवन, स्कूल, आईटी सेन्टर और बैंक मौजूद है। इन दुकानों पर रात 10 बजे तक शराब बेची जाती है। जिसके कारण शराबी व्यक्ति रात के समय शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है, जबकि इन दुकानदारों के पास शराब बिक्री करने का लाइसेंस नहीं है। अवैध शराब बेचने वालों को कई बार मना करते हैं, तो लड़ाई करने लगते हैं। रतननगर पुलिस थाना और जिला आबकारी विभाग को मौखिक रूप से इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कई बार सूचना दी, लेकिन इनके खिलाफ किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई अभी तक नहीं हुई है।