सीकर: स्वास्थ्य विभाग का शहर में चैकिंग अभियान:शिक्षण संस्थानों के पास बेच रहे थे तम्बाकू, 9 दुकानदारों के चालान काटे


चिकित्सा विभाग की टीम ने आज पीपराली रोड पर दुकानों पर चैकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत किराणे की दुकानों की चैकिंग की। कई दुकानों पर अवैध रुप से तम्बाकू बेचे जा रहे थे। जिसके बाद टीम ने मौके से सामान जब्त किया तो दुकानदार का चालान भी काटा। डेयरी की आड़ में दुकानदार तम्बाकू बेच रहे थे।

पीपराली रोड पर कोचिंग संस्थान होने के कारण स्टूडेंट की आवाजाही ज्यादा रहती है। वहीं चिकित्सा विभाग को लगातार मिल रही शिकायत के बाद आज डिप्टी सीएमएचओ हर्षल चौधरी के नेतृत्व में चैकिंग अभियान चलाया गया। चिकित्सा टीम ने सीकर शहर में गुटखा, तम्बाकू, जर्दा, खैनी, सिगरेट, बीडी, तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों पर कार्रवाई की।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ हर्षल चौधरी ने बताया कि पिपराली रोड पर करीब दो दर्जन से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया। व्यापारियों को शिक्षण संस्थाओं के पास 100 मीटर के क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत तम्बाकू उत्पाद बेचना कानूनन अपराध है। टीम ने 9 दुकानदारों के चालान काटकर जुर्माना वसूल किया। साथ ही 18 साल से कम आयु के बच्चों को तम्बाकू उत्पाद नहीं बेचने की हिदायत दी।

सीएमएचओ डॉ निर्मल सिंह के निर्देशन में विभाग की ओर से सीकर शहर सहित जिलेभर तम्बाकू के खिलाफ मुहिम चलाकर और जिले को स्मौक फ्री बनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। सीएमएचओ डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव के निर्देशन में विभाग की टीमों द्वारा सरस डेयरी बूथ, किराणा स्टोर, रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर तम्बाकू उत्पाद बेचने वालों पर कार्रवाई हो रही है।