चूरू: अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति घायल:गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, खेत से लौट रहा था घर

 

चूरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भालेरी-चूरू रोड पर अज्ञात वाहन ने खेत से घर जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद अज्ञात वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से कॉन्स्टेबल अंकित शर्मा ने वार्ड में पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।

अस्पताल में एंबुलेंस ड्राइवर ने बताया कि घायल ने रास्ते में बताया कि भवानीराम सैनी (55) भालेरी का रहने वाला है, जो खेती बाड़ी का काम करता है। शुक्रवार दोपहर वह पैदल ही अपने खेत से वापस घर जा रहा था। उसी दौरान भालेरी-चूरू मार्ग पर भालेरी की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। अस्पताल में घायल भवानी राम सैनी की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल का डॉक्टर ने सीटी स्कैन भी करवाया है। घटना के बाद भालेरी पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर को पकड़ने के लिए अपने क्षेत्र में नाकाबंदी भी करवाई है

एएसआई सहित 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज:सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप, नाबालिग के अपहरण के मामले में किया था जलील

चूरू जिले के रतननगर थाना इलाके के हुणतपुरा गांव के सुरजाराम सुसाइड मामले में एएसआई सहित 5 लोगों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ है। आरोपियों पर मृतक को जलील करने का आरोप है। जिससे आहत होकर सुरजाराम ने जहरीला पदार्थ पी लिया। जिससे उनकी जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।

रतननगर पुलिस थाना में हुणतपुरा निवासी राकेश कुमार ने रिपोर्ट दी कि उसके चाचा भादरराम की 17 साल की नाबालिग बेटी को जोधा का बास निवासी नवीन कुमार और दिनारपुरा निवासी नरेश कुमार बहला फुसलाकर घर से भगा ले गए। जिसका मामला रतननगर पुलिस थाना में दर्ज करवाया था। मामले की जांच एएसआई श्यामलाल के पास थी। नाबालिग को ढूंढने के लिए मेरे परिवार के लोगों ने 4 गाड़ियां भी एएसआई को उपलब्ध करवाई। इसके बाद उनके खाने पीने का खर्चा भी उनको अलग से दिया गया। इस बीच एसपी को भी ज्ञापन दिया गया। इसके बाद जब जांच अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने मेरे पिता सुरजाराम को जलील करते हुए कहा कि आपको शर्म नहीं है, आप तो बेशर्म हैं। आपके घर में यह काम हो गया और आप अभी तक जिंदा हो। आपको तो मर जाना चाहिए। पुलिस की इन सभी बातों से आहत होकर मेरे पिता सुरजाराम ने 17 दिसम्बर को खेत में जहरीला पदार्थ पी लिया। जिससे उनकी जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने नवीन, नरेश कुमार, एएसआई श्यामलाल, हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल, सिपाही मदनलाल के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।