झुंझुनूं- वेतन नहीं मिलने से नाराज ANM ने किया प्रदर्शन:बोलीं- हर छोटे काम के लिए किया जा रहा परेशान, कार्य बहिष्कार की चेतावनी
5 महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज एएनएम का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने वेतन को लेकर CMHO ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एएनएम ने विभाग की उदासीनता के खिलाफ नारे लगाए।
एएनएम सुनीता ने बताया कि पिछले 5 महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। उनको उधार लेकर बच्चों का पालन पोषण करना पड़ रहा है। वेतन नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है। उसके बावजूद विभाग की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रत्येक जिले में 1000 की जनसंख्या के आधार पर उप स्वास्थ्य केंद्र खोले जा चुके हैं, लेकिन झुंझुनूं जिले में 2 ही उप केंद्र दिए गए हैं। यहां एक एएनएम के पास 7 हजार तो किसी के पास 5 हजार की आबादी है। हर छोटे मोटे काम के लिए एएनएम को परेशान किया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन के बाद एएनएम की ओर से कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया, जिसमें पिछले 5 महीने से अटक रहे वेतन को दिलवाने, झुंझुनूं जिले के प्रत्येक 1 हजार की जनसंख्या पर गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अविलंब उनको वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तो वो मजबूर होकर काम का बहिष्कार कर हड़ताल पर बैठ जाएगी।
