चूरू/सरदारशहर ग्रामीणों ने 7 घंटे तक हाइवे को किया जाम:5 दिन से पुनूसर गांव में बिजली सप्लाई नहीं होने से आक्रोश, सुबह 5 बजे आश्वासन के बाद माने


सरदारशहर तहसील गांव पुनूसर में पिछले पांच दिनों से बिजली सप्लाई नहीं होने से आक्रोश ग्रामीणों ने मंगलवार रात 10 बजे मेगा हाइवे को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने लोगों से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। जबकि किसान बिजली सप्लाई करने की मांग को लेकर अड़े रहे। किसानों ने कहा कि पिछले 5 दिन से लाइट नहीं है और 3 दिन से लगातार प्रशासन से समाधान के लिए मांग कर रहे है, लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा है। सुबह 5 बजे पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना सामाप्त कर दिया। इस दौरा हाइवे के दोनों तरफ करीब 4-5 किलाेमीटर कर वाहन जाम में फंसे रहे। डीएसपी नरेंद्र शर्मा और थाना अधिकारी सतपाल विश्नोई ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि 5 घंटे में बिजली की सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।

इससे पहले किसानों ने डिस्कॉम और एसडीएम कार्यालय का घेराव कर बिजली सप्लाई शुरू करने की मांग की थी। किसानों ने बताया कि मेहरासर छिन्ना के ग्रामीणों ने ज्यादा बिजली लोड का हवाला देते हुए रामसीसर जीएसएस से आने वाला पुनूसर फीडर की बिजली सप्लाई के तार काट दिए है। जिससे गांव पुनूसर में पिछले पांच दिनों से 425 घरों सहित 15 कृषि कनेक्शनों की बिजली सप्लाई बंद है।

आरएलपी नेता लालचंद ने बताया कि प्रशासन से पिछले 5 दिनों से लगातार वार्ता कर रहे थे। इस दौरान कोई समाधान नहीं निकलने पर किसानों को मजबूर हाइवे जाम करना पड़ा है। इनसे पहले रीको इंडस्ट्रीज एरिया में स्थित भादासर एईएन कार्यालय एवं एसडीएम कार्यालय का घेराव करने के बाद भी प्रशासन ने कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं दिया। जिसके चलते किसानों में भारी आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इस मौके पर राकेश चौधरी, आरएलपी के जिला अध्यक्ष मदनलाल ढाका, तहसील अध्यक्ष सांवरमल जाखड़, राकेश चौधरी, पूर्णाराम छिरंग,एडवोकेट सुखराम बाना, लिछुराम रेवाड़, बेगराज, तेजपाल, जयदेवसिंह, लेखराम मेघवाल, सांवरमल, गंगाराम, महावीरसिंह, गोपालसिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।