सड़क हादसे में टीचर की मौत:बाइक से घर लौट रहे थे, टक्कर मारकर भागा कार चालक
सीकर में अपने गांव आ रहे टीचर की बाइक कार से टकरा गई। आमने-सामने की टक्कर में टीचर के सिर में गंभीर चोट आई। घायल को तुरंत आस-पास के लोगों ने एसके अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान टीचर की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया।
सीकर के उद्योग नगर थाने में उम्मेद सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनका भाई शंकरलाल गांव से सीकर में अपने मकान की तरफ आ रहे थे। जब सीकर झुंझुनूं बाईपास पर आबकारी भवन के पास पहुंचे तो आगे चल रही मारुति वैन ने बिना कोई इशारा किए अचानक ब्रेक लगा लिए, इस कारण उनकी बाइक वैन के पीछे भिड़ गई। टक्कर के कारण शंकरलाल के सिर में गंभीर चोट आई। उसे आसपास के लोगों ने तुरंत एसके अस्पताल पहुंचाया।
कार छोड़कर भागा चालक
अस्पताल में इलाज के दौरान शंकरलाल की मौत हो गई। उम्मेद सिंह ने बताया कि घटना के बाद वैन चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। शंकरलाल प्राइवेट स्कूल में टीचर है और उनके 3 और 9 साल की दो लड़कियां भी है। परिजनों ने उद्योग नगर थाने में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच हैड कॉन्स्टेबल नरेश कर रहे है।