कलश यात्रा के साथ होगा नौ दिवसीय राम कथा का शुभारम्भ
गुरुजी ठंडाईवाला परिवार की ओर से आयोजित
पं. शम्भूशरण लाटा करेंगे कथा का वाचन
रामगढ़ शेखावाटी, 23 दिसम्बर। अपने नाम के अनुरूप कस्बे की पावन धरा राममय होने जा रही है। कस्बे के नागरिकों को यह सौभाग्य मिल रहा है कस्बे के चूरू गेट के बाहर स्थित सप्त ऋषि भवन में आयोजित हाने वाली नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के माध्यम से जिसका आयोजन कोलकाता, इन्दौर व दिल्ली प्रवासी गुरुजी ठंडाईवाला परिवार। कथा का वाचन कथा व्यास, वाणी भूषण पं. शम्भूशरण लाटा करेंगे। शनिवार 24 दिसम्बर को प्रात: दस बजे कलश यात्रा से प्रारम्भ होने वाली कथा नौ दिन चलेगी जो रोजाना मध्याह्न दो बजे से सायं छ: बजे तक चलेगी। कथा के लिए गुरुजी परिवार के कोलकाता प्रवासी सीताराम शर्मा, इन्दौर प्रवासी राधेश्याम शर्मा व दिल्ली प्रवासी बालमुकुंद शर्मा पिछले काफी दिनों से तैयारियों में लगे हुए है। इनके साथ नगर के गणमान्य नागरिक व सैंकड़ों की तादाद में कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। कथा के लिए भव्य पांडाल सज कर तैयार हो चुका है। पांडाल के अलावा सप्तऋषि भवन के मुख्य हॉल में भी श्रोताओं के बैठने की व्यवस्था होगी जो विशाल एलईडी पर कथा का रसास्वादन कर सकेंगे। कथा व्यास वाणी भूषण पं. शम्भुशरण लाटा मूल रूप से रामगढ़ के ही है तथा यहां के संस्कृत के प्रकांड विद्वान रहे स्व. पं. जमनाधर लाटा के पौत्र हैं। कोलकाता प्रवासी पं. लाटा कथा वाचन में पूरे विश्व में विख्यात है। पं. लाटा गुरुवार को कोलकाता से यहां पहुंच चुके हैं। रामगढ़ आने पर गुरुजी परिवार सहित कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनका चूरू रेलवे स्टेशन पर तथा रामगढ़ में भव्य स्वागत किया। कलश यात्रा एवं शोभा यात्रा शनिवार को प्रात: दस बजे नटवरजी के मंदिर से प्रारम्भ होगी जिसमें महिलाएं कलश लेकर शामिल होंगी साथ ही शोभा यात्रा में ऊंट-घोड़े व बैंड बाजे की धुन के साथ अनेक झांकियां व रघुनाथ जी की पालकी भी शामिल होंगी जो मुख्य बाजार हो हुए सप्तऋषि भवन पहुंचेगी। दोपहर दो बजे से प्रारम्भ होने वाली कथा के प्रथम दिन श्रीराम नाम महिमा एवं कथा माहात्म्य सहित अन्य प्रसंगों का पं. लाटा द्वारा अपनी ओजस्वी वाणी में सजीव चित्रण किया जायेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह को याद किया
रामगढ़ शेखावाटी, 23 दिसम्बर। कस्बे के किसान सेवा केन्द्र पर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरणसिंह के जन्मदिन को राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में मनाया। पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी रेखाराम खीचड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में खीचड़ ने बताया कि चौधरी साहब किसानों के मसीहा थे तथा आजीवन उन्होंने किसानों और मजदूरों के हित में संघर्षशील रहकर कार्य किया जो आज भी याद किया जाता है। इस अवसर पर रघुवीरसिंह खीचड़, रिछपाल सिंह नेहरा, रामनिवास सैनी, जय प्रकाश भंवरिया, गोपाल अरोड़ा, प्रभुदयाल भामू, महीपाल खीचड़, दयाराम सुण्डा, हिमांशु अरोड़ा आदि उपस्थित थे।
रतिनाथ महाराज के सम्मान में रामगढ़ का बाजार बंद रहेगा
रामगढ़ शेखावाटी, बऊ धाम आश्रम के पीठाधीश्वर भजन सम्राट संत रतिनाथ महाराज के सम्मान में रामगढ़ का बाजार 24 दिसंबर को बंद रहेगा। महाराजश्री शुक्रवार को प्रात: मुम्बई ब्रह्मलीन हो गए हैं समाधि कल बऊधाम में होगी। रामगढ़ व्यापार मंडल ने महाराज श्री के सम्मान में बंद का आव्हान किया जिसमें सभी व्यापारियों से अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। विद्यालयों में रविवार से शीतकालीन अवकाश प्रारम्भ होने के कारण कल अवकाश नहीं रहेगा। संस्था प्रधान स्वेच्छा से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर शिक्षण कार्य स्थगित रख सकेंगे।

