रामगढ शेखावाटी: श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ ही नौ दिवसीय रामकथा का समापन

रामगढ़ नागरिक परिषद कलकत्ता सहित अनेक संस्थाओं ने पं. लाटा को किया सम्मानित


रामगढ़ शेखावाटी, 1 जनवरी। कस्बे के चूरू गेट के बाहर स्थित सप्तऋषि भवन में गुरुजी ठंडाई परिवार द्वारा आयोजित नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा का रविवार को राम राज्याभिषेक के साथ ही समापन हुआ। इससे पूर्व हनुमान का सीता की खबर लेने के लिए लंका जाना, सुरसा प्रसंग, लंका दहन, वानर सेना द्वारा रामसेतु का निर्माण करना आदि प्रसंगों की बड़ी सुंदर विवेचना पं. शम्भुशरण लाटा द्वारा की गई। बाद में भगवान राम द्वारा शिव की पूजा करना, युद्ध टालने के लिए अंगद को लंका भेजना। हनुमान लक्ष्मण और नागर सेना द्वारा राक्षस सेना, मेघनाद, कुम्भकर्ण आदि का वध करना। मंदोदरी द्वारा बार-बार रावण को समझाने का प्रयास करने तथा बाद में राम द्वारा अग्रिवाण चलाकर रावण की नाभि में स्थित अमृत कुंड को सोखना व रावण का वध करना। लंका राज्य विभीषण को सौंपना। सीता-राम, लक्ष्मण हनुमान आदि का पुष्पक विमान द्वारा अयोध्या लौटना। राम के लौटने पर अयोध्या वासियों में व्याप्त अपार खुशी का पं. लाटा ने इतना सजीव विवेचन किया कि सभी श्रोता झूमने और नाचने लगे। बाद में राम का राज्याभिषेक किया गया। आज नौवे दिन कथा प्रात: साढ़े दस बजे ही प्रारम्भ हो गई जो मध्याह्न 2.30 बजे तक चली। नौवें दिन विशाल पांडाल श्रोताओं से खचाखच भरा था। कथा के समापन पर रामगढ़ नागरिक परिषद कलकता की के स्थानीय अध्यक्ष राधेश्याम ढ़ंड सहित विजय कुमार शर्मा, देवीदत्त ऊंटवालिया, राजेंद्र सर्राफ, बनवारी लाल शर्मा, राधाकृष्ण शास्त्री, दीपक चोटिया, सुरेश शर्मा, योगेश दाधीच, सीताराम शर्मा ने पं. लाटा को शॉल ओढ़ाकर, साफा पहनाकर एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इसी प्रकार श्रीकृष्ण गौशाला के ट्रस्टी राधेश्याम शर्मा, ओमप्रकाश जौहरी, शिवप्रसाद सोनी, रेखाराम खीचड़, राजेंद्र सर्राफ, ताराचंद काछवाल, जगदीश ऊंटवालिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने तथा सर्वव्यापी ब्राह्मण महासभा के भरत दाधीच, श्रीकांत मिश्रा आदि ने भी पं. लाटा को सम्मानित किया। कीर्तन आरती के साथ कथा का समापन हुआ तथा सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसी के साथ सभी ने भारी मन से विदा किया। उन्होंने कभी रामगढ़ में बिना कथा के आने और सबके बीच मिलने का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि कोलकाता प्रवासी पं. शम्भुशरण लाटा मूल रूप से रामगढ़ के ही निवासी है। यह उनकी 283वीं कथा है तथा रामगढ़ में दूसरी बार कथा कर रहे थे। पं. लाटा मारवाड़ी भाषा में की कथा करते हैं तथा न कथा का कोई शुल्क लेते हैं और न ही कोई भेंट व चढ़ावा लेते हैं। बाद में शाम को सार्वजनिक प्रसाद का आयोजन किया गया जिसमें सैंकड़ों की तादाद में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आज की सम्पूर्ण कथा देखिये

थानाधिकारी का स्थानांतरण होने पर दी विदाई

रामगढ़ शेखावाटी, 1 जनवरी। कस्बे के थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा का स्थानांतरण साइबर सेल सीकर में होने के कारण उन्हें पुलिस स्टाफ एवं नागरिकों द्वारा भवभीनी विदाई दी। थानाधिकारी उमाशंकर पिछले करीबन साढ़े तीन वर्षो से रामगढ़ थाने में पदस्थापित थे। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चौहला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष देवेंद्र चोटिया, फतेहपुर के पुलिस उप अधीक्षक राजेश विद्यार्थी, फतेहपुर कोतवाल, एनजेए अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, शिवप्रसाद सोनी, मकसूद भाटी आदि बतौर अतिथि उपस्थित थे। सैकड़ों की तादाद में उपस्थित कस्बे सहित ग्रामीण इलाके के गणमान्य नागरिकों ने थानाधिकारी शर्मा का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर, साफा पहनाकर एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया। अतिथियों एवं अन्य वक्ताओं ने थानाधिकारी शर्मा के कार्यकाल को शानदार बताते हुए प्रशंसा की। नगरपालिका अध्यक्ष दूदाराम चौहला, देवेंद्र कुमार चोटिया, पुलिस उप अधीक्षक राजेश विद्यार्थी, विजय कुमार शर्मा आदि ने भी अपने उद्बोधन में शर्मा के कार्यकाल की प्रशंसा की। 


लोक सेवा ज्ञानमंदिर ट्रस्ट द्वारा दूसरा दूध महोत्सव आयोजित


रामगढ़ शेखावाटी, 1 जनवरी। लोकसेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा जन जागरूकता अभियान के माध्यम से आज अंग्रेजी वर्ष के अंतिम दिन दूध से नाता जोड़ो शराब से नाता तोड़ो के इस जागरूकता के लिए दूध महोत्सव का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के शेखावाटी  संभाग प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा ऐसे जागरूकता के अभियानों के तहत नशे की और शराब लत जो नई युवा  में ज्यादा दिख रही है उसको छुड़ाने के लिए और सब को भारत की संस्कृति दूध से जोडऩे के लिए वर्ष के अंतिम दिन सभी को साथ लेकर इस कार्यक्रम को किया गया। रामगढ़ प्रभारी प्रशांत जोशी ने बताया ट्रस्ट द्वारा 51 किलो दूध केसरिया बीदाम पिस्ता सहित करीबन 400 जनों को पिलाया गया जिसमें श्री श्याम मित्र मंडल के कार्यकर्ता ट्रस्ट के कार्यकर्ता ने बढ़ चढक़र हिस्सा लिया। उपस्थित सभी युवा साथियों को नशे से मुक्त होने के लिए शपथ दिलाई गई व सभी को नशे से दूर रहने के लिए कहा गया और नगर पालिका अध्यक्ष एडवोकेट दूदाराम चौहला ने एक बहुत ही सुंदर नारे के साथ सब को संदेश दिया जीवन को एक नए नारे संदेश के द्वारा गाया। जीना है तो प्यार करो नशे पर तुम लोग सब वार करो। सुरेश शर्मा बजरंग लाल गिरदावर, डॉ. ताराचंद आदि लोग उपस्थित रहे।  इस कार्यक्रम में ट्रस्ट के कार्यकर्ता नरेश ढ़ंड, दिलीप गर्ग, कमल सैनी, संजीव शर्मा, श्री श्याम मित्र मंडल के अध्यक्ष सुबोध, विमल सराफ, दीपक जोशी, पवन व नरेंद्र सोलंकी बहुत से लोग उपस्थित थे।