सीकर में तीन गाड़ियां टकराईं, 10 की मौत:बाइक-पिकअप टकराने के बाद ट्रक से जा भिड़ीं; मरने वालों में पति-पत्नी भी, मची चीख-पुकार
पुलिस के मुताबिक माजी साहब की ढाणी के पास पिकअप और बाइक की टक्कर हो गई। इसी दौरान दोनों वाहन सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बाइक सवार पति-पत्नी और पिकअप सवार 7 लोग शामिल है। पिकअप सवार चौमूं के सामोद के रहने वाले थे।
इनकी हुई मौत
हादसे में पिकअप सवार 23 साल के अरविंद पुत्र प्रदीप रेगर, 26 साल की पूनम पत्नी संजय खटीक, ढाई साल के गोलू पुत्र राकेश खटीक, 20 साल के अजय पुत्र कैलाश खटीक, 23 साल की रेखा पुत्री कैलाश खटीक, 27 साल के विजय पुत्र कैलाश खटीक, 25 साल की अनुराधा पत्नी राकेश कुमार निवासी सामोद और बाइक सवार 50 साल के बीरबल पुत्र लक्ष्मण गुर्जर निवासी सुंदरपुरा रानौली सीकर, उसकी पत्नी 45 साल की जानकी देवी की मौत हो गई।
सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हॉस्पिटल पहुंचे
पिकअप में सवार 14 लोग खंडेला में गणेश धाम मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे की सूचना के बाद सांसद सुमेधानंद सरस्वती और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया घायलों से मिलने एस के हॉस्पिटल सीकर पहुंचे।
चूरू: सैनी समाज का जिला स्तरीय समारोह आयोजित:400 प्रतिभाओं को किया सम्मानित, नशे से दूर रहने का संकल्प
समारोह में चूरू नगर परिषद सभापति पायल सैनी ने कहा कि समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। केवल हमें उनको तराशकर आगे लाना होगा। ताकि ये प्रतिभाएं आगे जाकर समाज का नाम रोशन कर सकें। सैनी ने समाज में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने युवा पीढ़ी से कहा कि वह अब शिक्षा के अलावा खेलकूद में भी अपनी रुचि दिखाकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य बर्बाद कर रही है। इसलिए हमें संकल्प लेना है कि नशामुक्ति अभियान से जुड़कर दूसरे लोगों को भी नशे से मुक्ति दिलाएंगे। समारोह की अध्यक्षता शंकरलाल बालान ने की।
समारोह में एडवोकेट आशाराम सैनी, देवकिशन सैनी, श्रवण कुमार, जगदीश प्रसाद तंवर, अमित मारोठिया, मुरली मनोहर बालान, चन्द्रप्रकाश सैनी, सुरेश कुमार सैनी और दीनदयाल ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह में आए अतिथियों ने समाज की शिक्षा के क्षेत्र, खेलकूद, राज्य केन्द्र सेवा में नव नियुक्त होने वाली करीबन 400 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

