बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर हमला : 25 किलोमीटर पीछा कर 3 राउंड फायरिंग, हेल्पर को कंधे में लगी गोली
विद्युत विभाग की टीम पर हमला
सीकर: बिजली चोरी की कार्रवाई करने गई टीम पर बदमाशों ने हमला किया। करीब 25 किलोमीटर तक बदमाशों ने गाड़ी का पीछा किया इस दौरान बदमाशों ने तीन बार राउंड फायरिंग भी की। जिससे एक गोली विजिलेंस टीम की गाड़ी में पीछे की तरफ बैठे एक हेल्पर के कंधे में जा लगी। जिसे इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। मामला सीकर जिले के अजीतगढ़ इलाके का है।
विजिलेंस टीम के सहायक अभियंता मुकेश टेलर ने बताया कि आज टीम बुर्जा की ढाणी,खिरोटी की तरफ गई थी। इसी दौरान बदमाशों ने राजकार्य में बाधा डाली। जिन्होंने करीब 20 से 25 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। ऐसे में 1 गोली गाड़ी में पीछे बैठे तकनीकी हैल्पर गजेंद्र मीणा के कंधे पर जा लगी। जिन्हे इलाज के लिए जयपुर रैफर किया गया है। जब टीम थाने के करीब 100 मीटर नजदीक पहुंची। तो बदमाश वहां से फरार हुए। फिलहाल बिजली विभाग की टीम ने अजीतगढ़ थाने में मामला भी दर्ज करवाया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।