50 दिन बाद भी ठीक नहीं हुआ डेम : बारिश में जमीन से बाहर निकल गया था, जेईएन बोले-5 जुलाई तक काम हो जाएगा पूरा
फतेहपुर शेखावाटी: कस्बे में बरसाती पानी निकासी के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रोजेक्ट तैयार किया था। ऐसे में कस्बे के पुराने सिनेमा हॉल के पीछे नगर परिषद द्वारा 10 लाख लीटर क्षमता का 5 टन वजनी विशाल डैम बनाया जा रहा था जो 29 अप्रैल यानी कि आज से 50 दिन पहले हल्की बरसात से ही जमीन से बाहर निकला गया था। 50 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक डैम वापस ठीक नहीं किया गया है। पालिका दावा कर रही थी कि बरसात के इस सीजन में डेम बनकर तैयार हो जाएगा। लेकिन डैम बनना तो दूर की बात 50 दिन बीत जाने के बाद डैम वापस पुरानी स्थिति में भी नहीं पहुंच पाया है।
बड़ा हादसा होने का अंदेशा-पार्षद
वार्ड पार्षद दिनेश बियाला ने बताया कि 50 दिन बाद भी डैम अभी तक सीधा नहीं हुआ है। डैम को सीधा करने के लिए जेसीबी की मदद से मिट्टी खोदी गई थी उस मिट्टी के साथ ही सड़क का कटाव रोकने के लिए सड़क किनारे दीवार बनाई गई थी, वह दीवार भी तोड़ डाली है। जिसके बाद बरसात में अब सड़क का कटाव हो रहा है मुख्य रास्ता होने के कारण 24 घंटे वाहन गुजरते हैं ऐसे में भारी वाहन कभी भी गिरकर यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
5 जुलाई तक तैयार हो जाएगा डैम-जेईएन
नगर परिषद जेईएन देवेंद्र सैनी ने कहा कि डैम को सही कराने का काम किया जा रहा है। बीच-बीच में बरसात होने से कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। लेकिन 5 जुलाई तक इस डैम को पूरी तरीके से तैयार कर दिया जाएगा और यहां से बरसाती पानी की निकासी भी चालू कर दी जाएगी।
