क्रिकेट प्रतियोगिता देखने जा रहे युवक की मौत:अज्ञात वाहन ने दो बाइक को मारी टक्कर, चार लड़के घायल

सीकर: क्रिकेट प्रतियोगिता देखने जा रहे बाइक सवार चार युवकों को शुक्रवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 3 लड़कों का सीकर के कल्याण राजकीय हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। एक लड़के को जयपुर एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है।

जानकारी अनुसार दो बाइक पर 5 खिलाड़ी नानी बाइपास के पास हो रही डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता देखने जा रहे थे। एक्सीलेंस स्कूल के पास नानी बाइपास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारकर वाहन चालक भाग गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। घायलों को एसके अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सभी अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। जनप्रतिनिधि और भीड़ को रोकने के लिए पुलिस जाब्ता और आरएसी तैनात करनी पड़ी। मौके पर शहर कोतवाल पवन चौबे और सीओ सिटी वीरेंद्र शर्मा समझाइश करते रहे। सूचना पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री सुभाष महरिया भी अस्पताल में पहुंचे।