जयपुर में आज से फिर शुरू हो रही हेलिकॉप्टर राइड:5-10 और 15 मिनट के होंगे तीन पैकेज, प्रति मिनट देने होंगे 1000 रुपए
जयपुर में आज से एक बार फिर से हेलिकॉप्टर राइड शुरू होने जा रही है। इसके जरिए टूरिस्ट हेलिकॉप्टर से आमेर, नाहरगढ़, जयगढ़, जल महल, हवामहल सहित चारदीवारी के प्रमुख बाजार और अरावली के जंगल को आसमान से निहार सकेंगे। जयपुर में हेलिकॉप्टर राइड के लिए प्रति मिनट एक हजार लगेंगे।
वहीं, सेकेंड फेज में जोधपुर, उदयपुर, नाथद्वारा में भी जॉय राइड की शुरुआत होगी, जबकि थर्ड फेस में टेंपल राइड शुरू करना प्रस्तावित है। बता दें कि इससे पहले हेलिकॉप्टर राइड जयपुर में 19 मार्च से 2 अप्रैल तक चलाई गई थी। वहीं, जैसलमेर में 27 दिसंबर से 1 जनवरी तक संचालन किया गया था।
एवन हेलिकॉप्टर के डायरेक्टर सोहन सिंह नाथावत ने बताया- नए साल के मौके पर राजधानी जयपुर में हेलिकॉप्टर जॉय राइड की शुरुआत की गई है। शुरुआती फेज में जॉयराइड आज से शुरू होकर 7 जनवरी तक 9 दिन कराई जाएगी जिसके तहत दोपहर 2 से शाम 4:00 बजे तक टूरिस्ट हेलिकॉप्टर में बैठ जयपुर के खूबसूरत नजारे को निहार सकेंगे।
1 मिनट का 1000 देना पड़ेगा किराया
सोहन सिंह नाथावत ने बताया- जयपुर में जॉय राइड के लिए प्रति मिनट की दर से यात्री से किराया वसूला जाएगा। इसके लिए तीन ट्रैक तैयार किए गए है।
- पहला ट्रैक - 5000 रुपए में 5 मिनट का होगा। इस ट्रैक में कूकस, दिल्ली रोड, अरावली हिल्स और थ्रिल राइड कराई जाएगी।
- दूसरा ट्रैक - 10,000 रुपए में 10 मिनट का होगा। इस ट्रैक में आमेर, जलमहल, जयगढ़ और केसर क्यारी के ऊपर से घुमाया जाएगा।
- तीसरा ट्रैक - 15 हजार रुपए में 15 मिनट का होगा। इस ट्रैक में हवामहल, जंतर मंतर, सरगासूली, सिटी पैलेस, चारदीवारी के प्रमुख बाजार के साथ ही गढ़ गणेश, आमेर, नाहरगढ़, जयगढ़ और गलताजी के साथ ही अरावली के खूबसूरत पहाड़ों के ऊपर से घुमाया जाएगा।
35 करोड़ के हेलिकॉप्टर बेल 407 में करेंगे सफर
- जयपुर में राइड के लिए हेलिकॉप्टर बेल 407 इस्तेमाल किए जा रहा है। बाजार कीमत 25 से लेकर 35 करोड़ रुपए के बीच में है।
- बेल 407 में 862 हॉर्स पावर का इंजन लगा है। यह हेलिकॉप्टर 246 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर सकता है।
- बेल 407 से एक बार में 624 किलोमीटर तक की यात्रा की जा सकती है। इस दौरान यह 1 मिनट में 1850 फीट की ऊंचाई हासिल कर सकता है। हालांकि इसकी अधिकतम ऊंचाई क्षमता जमीन से 20,000 फीट है।
- बेल-407 7 सीटर हेलिकॉप्टर है। इसमें अधिकतम 2722 किलोग्राम वजन रखा जा सकता है। इसकी फ्यूल टैंक की भराव क्षमता 484 लीटर है।
ऐसे करें बुकिंग
जयपुर के आसमान में हेलीकॉप्टर से जॉय राइड के लिए 7023077077 पर कॉल कर जॉयराइड बुक करा सकते है। वहीं एवन हेलीकॉप्टर्स की ऑफिशियल वेबसाइट www.aonehelicopters.com पर जा कर भी हेलीकॉप्टर जॉयराइड की सुविधा मिलेगी। बता दें कि हेलीकॉप्टर जॉइराइड प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक दिल्ली रोड स्थित दिल्ली रोड स्थित होटल शिव विलास रिसोर्ट के हेलीपैड से करवाई जाएगी।यात्रियों का होगा इंश्योरेंस
सोहन सिंह ने बताया- हेलिकॉप्टर बेल 407 सुरक्षा की दृष्टि से सिंगल इंजन में सबसे सुरक्षित हेलिकॉप्टर की श्रेणी में आता है। इसमें यात्रियों की सुरक्षा के साथ ही प्रत्येक यात्री का इंश्योरेंस भी किया गया है, ताकि हर परिस्थिति से निपटा जा सके