आफ़ताबे शेखावाटी का 158 वां सालाना उर्स : दरगाह में नजमुल औलिया कॉन्फ्रेंस का हुआ आयोजन, हजारों जायरीन हुए शामिल
फतेहपुर में दरगाह आफ़ताबे शेखावाटी हजरत ख़्वाजा हाजी मुहम्मद नजमुद्दीन साहिब सुलैमानी चिश्ती अल्फ़ारूक़ी रहमतुल्लाह अलयह के 158वां सालाना मेला अपने परवान पर है। मेले के 5वें दिन शनिवार को दरगाह में नजमुल औलिया कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
जिसमें लखनऊ से आए देश के मशहूर मुस्लिम स्कॉलर सय्यद आले गौस समदानी मिया ने सूफ़ीस्म पर चर्चा की। शाहज़ादा ए हुज़ूर नसीरे मिल्लत पीर ग़ुलामे नजम ने भी उर्स की हकीकत और इतिहास पर चर्चा की। रविवार 28 अप्रैल को कदीमी शाही चादर का जुलूस शाही लवाजमे के साथ मुहल्ला चेजारान से रवाना हो कर शाम 7:30 बजे दरगाह शरीफ पहुंचेगा। जहां सज्जादानशीन व मुतवल्ली पीर गुलाम नसीर साहब उसे अपने सर पर ग्रहण कर मुख्य मजार पर पेश करेंगे तथा 29 अप्रैल को कुल की रस्म के साथ उर्स का विधिवत समापन होगा।
उर्स के दौरान देश के कोने कोने से हजारों जायरीन दरगाह पहुंच रहे हैं। उर्स के दौरान रोज़ाना क़ुरान ख्वानी, सुबह शाम लंगर, रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक क़व्वाली की महफ़िल का आयोजन हो रहा है। जिसमें मुल्क के नामवर कव्वाली कव्वालियां पेश कर रहे हैं। मेले में आए जायरीन के लिए विशेष आकर्षण मेले में लगे झूले हैं।