सीकर से नवलगढ़ जा रहे युवक से लूट व मारपीट : दोस्त के साथ ननिहाल जा रहा था, हजारों का कैश व सोने की चेन लूट कर भागे बदमाश
सीकर: गाड़ी का पीछा कर युवक से मारपीट व लूट करने का मामला सामने आया है। युवक अपने दोस्त के साथ ननिहाल जा रहा था। इस दौरान बीच रास्ते में बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की। घटना सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र की है।
घटना में क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी। |
पुलिस को दी रिपोर्ट में पंकज कुमार (24) निवासी धोद ने बताया कि पंकज कुमार अपने दोस्त वीरेंद्र निवासी संतोषपुरा के साथ अपनी अल्टो गाड़ी से तोदी नगर, सीकर से अपने ननिहाल नवलगढ़ जा रहा था। इस दौरान युवक जैसे ही नवलगढ़ रोड पर पहुंचा तो कृष्ण रेजिडेंसी के पास एक बिना नम्बरों की कैंपर गाड़ी व स्कॉर्पियो ने पंकज कुमार की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने पंकज की गाड़ी के आगे स्कॉर्पियो लगा दी। दोनों गाड़ियों में सात-आठ बदमाश सवार थे।
बदमाशों ने कुछ दूर जाकर आगे-पीछे दोनों गाड़ियां लगा कर पंकज की गाड़ी को रुकवा लिया। पंकज के गाड़ी रोकते ही दोनों गाड़ियों से बदमाश नीचे उतरे और पंकज के साथ ईंट-पत्थरों से मारपीट करने लगे। बदमाशों ने पंकज की गाड़ी में टक्कर मार कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और मोबाइल भी तोड़ दिया। जिसके बाद बदमाशों ने पंकज की गाड़ी में रखा हुआ 30 हजार का कैश व सोने की चेन लूट ली।
युवकों के साथ हो रही मारपीट को देख कर बीच-बचाव करने के लिए आस-पास के लोग आ गए। जिसके बाद बदमाश मौके से भागे। वहीं पंकज ने एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल हरदेवाराम कर रहे है।